
कोरबा/ जिले के ग्राम डुमरमुड़ा में आंगनबाड़ी सहायिका बृज कुंवर (45) की कल संदिग्ध हालत में रसोईघर में अधजली हालत में लाश मिली थी। पति ने जमकर मारपीट करने के बाद पत्नी को चूल्हे में झोंक दिया था। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मामला बांगो थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम डुमरमुड़ा में आंगनबाड़ी सहायिका बृज कुंवर अपने पति कृष्णा टेकाम और 20 साल के बेटे के साथ रहती थी। कृष्णा टेकाम और उसकी पत्नी दोनों को शराब पीने की लत थी। दोनों के बीच संबंध अच्छे नहीं थे और अक्सर किसी न किसी बात को लेकर झगड़ा होता रहता था।

शराब पीने के बाद पति-पत्नी ने किया विवाद
कटघोरा एसडीओपी पंकज ठाकुर ने बताया कि शनिवार की दोपहर को दोनों पति-पत्नी ने जमकर महुआ शराब पी। इसके बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने पत्नी बृज कुंवर की बेरहमी से पिटाई कर दी।
लोगों को गुमराह करने के लिए आरोपी जंगल में चला गया
इसके बाद पति ने पत्नी को किचन के जलते चूल्हे में झोंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद वो गांव के ही जंगल में चला गया, ताकि लोगों को गुमराह किया जा सके और उन्हें लगे कि महिला की मौत खाना बनाते वक्त चूल्हे में गिरकर हो गई है।
घटना के वक्त बेटा काम पर गया था
घटना के वक्त घर में दोनों पति-पत्नी ही थे। बेटा बोरवेल कंपनी में काम करता है और वो काम पर गया हुआ था। इधर जंगल से आरोपी पति देर शाम को वापस लौटा। इसके बाद पत्नी के मरने की जानकारी उसने पुलिस और गांववालों को दी।
पुलिस को पूछताछ में हुआ पति पर शक
घटना के बाद लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। गांव का कोटवार भी मौके पर पहुंचा। इसके बाद बांगो थाना पुलिस पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया। पूछताछ करने पर आरोपी पति गोलमोल जवाब दे रहा था, जिससे पुलिस को उस पर शक हो गया।
कड़ाई से पूछताछ करने पर पति ने जुर्म कबूल किया
पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने कहा कि घटना के वक्त वो शराब के नशे में धुत था। मारपीट के बाद पत्नी को जलाकर उसने उसकी हत्या कर दी और किसी को उस पर शक न हो, इसलिए घर से चला गया।
पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है
रविवार को महिला के शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंपा गया है। पुलिस गांव में पहुंची और बेटे और गांववालों का बयान दर्ज किया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।










Comments are closed.