
कोरबा/ रविवार को लकड़ी से भरे ट्रक से कुचलकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। टक्कर के बाद बाइक सहित ट्रक युवक को दूर तक घसीट कर ले गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन तब तक चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। मृतक की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। हादसा रजगामार चौकी क्षेत्र में हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम झगरहा स्थित वन विभाग के नाका के पास कोरकोमा मार्ग पर हादस हुआ है। मौके पर मौजूद निशान से लग रहा है कि टक्कर के बाद ट्रक ने बाइक को काफी दूर तक घसीटा है। पुलिस को मौके पर ट्रक के नीचे बाइक और सवार के शव दोनों बुरी हालत में मिले हैं। ट्रक पर वन विभाग की लकड़ियां भरी हुई हैं। ट्रक कोरकोमा से कोरबा की तरफ जा रहा था। जबकि बाइक सवार सामने से आ रहा था।
पुलिस को बाइक सवार के पास से एक बैग भी बरामद हुआ है। उसमें 30 हजार रुपये हैं। इसके अलावा बाइक के दस्तावेज मिले हैं। जिस पर वाहन मालिक का नाम छोटे लाल साहू और पता रायगढ़ का लिखा हुआ है। फिलहाल पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया है और चालक की तलाश कर रही है। वहीं बाइक चालक की जानकारी के लिए रायगढ़ पुलिस से संपर्क किया गया है।







Comments are closed.