
रायपुर । समाचार प्रकाशित-प्रसारित न होने से नाराज हथबंद (भाटापारा) गांव के एक किसान ने राजधानी रायपुर के प्रेस क्लब में आज जहर पीकर जान देने की कोशिश की। उसे अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक किसान सुभाष सरकार आज दोपहर यहां प्रेस क्लब मोतीबाग पहुंचा और परिसर में लगे फौव्वारे के बीच खड़ा होकर प्रेस कॉन्फ्रेंस लेने के बाद भी समाचार ना छपने को लेकर नाराजगी जताने लगा। उसे कुछ पत्रकारों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह आवेश में आकर जहर पीने का प्रयास करता रहा। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, इस बीच उसने दो-चार बूंद जहर पी भी ली।
परेशान किसान ने पुलिस को बताया कि उसने 8 दिसंबर को 15 सौ रुपये लेकर प्रेस क्लब में कांफ्रेंस लेते हुए पत्रकारों को अपनी समस्या बताई थी। उसने गांव के जीवनलाल चंदन की 10 एकड़ जमीन को रेग पर लेकर धान की बुवाई की थी, लेकिन सहकारी सोसायटी में पंजीयन न होने से वह समर्थन मूल्य पर धान नहीं बेच पा रहा है और परेशान हैं। यह खबर कांफ्रेंस के बाद भी किसी अख्रबार में नहीं छपी। ऐसे में वह शासन-प्रशासन के साथ मीडिया से भी नाराज हैं।
पुलिस का कहना है कि आत्महत्या की कोशिश करने वाले किसान को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।







Comments are closed.