
देशभर में पत्रकारों पर लगातार हो रहे हमलों के बीच शनिवार को छत्तीसगढ़ के कांकेर के एक वरिष्ठ पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता कमल शुक्ला को भी निशाना बनाया गया और उनके साथ मारपीट की गई,बताया जा रहा है कि दबंगों ने शुक्ला के साथ गाली-गलौच की और उनकी पिटाई भी की ।
पुलिस थाने के बाहर जब उनकी पिटाई की जा रही थी उस वक्त स्थानीय पुलिस भी वहां मौजूद थी,ये घटना कांकेर में उस वक्त की है जब कमल शुक्ला पहले से ही पार्षदों और दबंगों द्वारा पीटे गए एक अन्य पत्रकार से मिलने कोतवाली थाना पहुंचे थे ।
शुक्ला पीड़ित पत्रकार और वहां मौजूद उसके अन्य साथियों के साथ मिलकर अभियुक्तों के खिलाफ पुलिस से कार्यवाई की मांग कर रहे थे,स्थानीय लोगों और पत्रकारों द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार शुक्ला के थाना पहुंचने से पहले ही वहां दबंगों की करीब 300 समर्थकों की भीड़ इकट्ठा थी ।
शुक्ला द्वारा पत्रकारों की अगुवाई किये जाने पर वहां मौजूद स्थानीय नेता गणेश तिवारी उनसे गाली गलौज करने लगा,इस बीच थाना प्रभारी ने वहां पर पहले से मौजूद अन्य पत्रकारों को थाने से बाहर निकाल दिया । इसी दौरान वहां मौजूद लोगों ने कमल शुक्ला के साथ मारपीट करना शुरू कर दिया व उनको मारते-मारते थाने से घसीट कर बाहर निकाला गया जिससे उनके सिर पर गहरी चोट आई है ।
मिली जानकारी के मुताबिक मामले की शुरुआत कांकेर जिले के एक पत्रकार द्वारा शनिवार को नगर पालिका की खबर लिखने से हुई. खबर लिखे जाने से नाराज़ कुछ पार्षदों ने पत्रकार के घर घुसकर पहले जमकर पिटाई की और फिर उसे मारते हुए थाना लेकर गए ।
मामले की जानकारी जब अन्य पत्रकारों को लगी तो करीब 50 पत्रकार विरोध करते हुए पार्षदों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करवाने थाने पहुंचें,ठीक उसी वक्त नेता गणेश तिवारी,स्थानीय पार्षद के प्रतिनिधि गफ्फार मेमन और उनके समर्थक थाना पहुंच गए और अगुवाई कर रहे वरिष्ठ पत्रकार कमल शुक्ला से गाली गलौज कर मारपीट करने लगे ।
वही मामले में प्राप्त जानकारी के अनुसार सुभाषवार्ड कांकेर निवासी सतीश यादव तथा कमल शुक्ला के साथ हुए विवाद के प्रकरण में पुलिस थाना कांकेर में अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी जितेन्द्र सिंह ठाकुर मांझापारा कांकेर,गफ्फार मेमन जवाहर वार्ड कांकेर,मोनू उर्फ शादाब खान महादेव वार्ड कांकेर और गणेश तिवारी निवासी आमापारा कांकेर के विरूद्ध विभिन्न धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है । तथा प्रकरण के आरोपीगणों को गिरफ्तार किया गया । प्रकरण की विवेचना जारी है।






Comments are closed.